जिंस बाजार : मेथी में जोरदार उछाल, त्योहारी सीजन और निर्यात मांग से भाव 80 के पार
Source : business.khaskhabar.com | Oct 13, 2026 | 

बिजनेस डेस्क। जयपुर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मसालों की मांग में तेजी के चलते हाजिर बाजार में मेथी के भावों में जबर्दस्त तेजी दर्ज की जा रही है। मजबूत उपभोक्ता मांग और उत्पादक केंद्रों से घटती आवक के चलते बीते दो हफ्तों के दौरान मेथी की कीमतों में ₹15 प्रति किलोग्राम (लगभग ₹1,500 प्रति क्विंटल) का उछाल आया है।
जयपुर थोक जिंस मंडी में मंगलवार को प्रीमियम क्वालिटी मानी जाने वाली बीकानेर की ‘डबल कैरी’ मेथी ₹81 प्रति किलो के स्तर पर बिकी।
कारोबारियों के अनुसार, मौजूदा तेजी का सबसे बड़ा कारण उत्पादक मंडियों में स्टॉक की भारी कमी (शॉर्टेज) है। नई फसल आने में अभी करीब पांच महीने का वक्त बाकी है—मेथी की नई आवक अमूमन फरवरी-मार्च (होली के आसपास) शुरू होती है।
चालू सीजन की फसल आए करीब 7 महीने बीत चुके हैं और पुराना कैरीओवर स्टॉक पहले ही काफी हद तक समाप्त हो चुका है। लागत और परिवहन खर्च का पड़ता (पड़ता न बैठना) न लगने के कारण राजस्थान और मध्य प्रदेश की प्रमुख मंडियों में दैनिक आवक घटकर सामान्य स्तर से लगभग 50 प्रतिशत रह गई है।
देश के कुल मेथी उत्पादन का लगभग 85% हिस्सा केवल राजस्थान और मध्य प्रदेश से आता है। इनमें बीकानेर, सीकर, झुंझुनूं, नीमच, मंदसौर और कुंभराज लाइन शामिल हैं।
चालू विपणन वर्ष में देश भर में मेथी का कुल उत्पादन लगभग 2.5 लाख टन रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम है। उत्पादन में गिरावट और सीमित बफर स्टॉक ने बाजार में सट्टेबाजी और लिवाली दोनों को बढ़ावा दिया है।
डबल कैरी मेथी के प्रमुख निर्माता और कारोबारी बबलू भाई के अनुसार "वैश्विक बाजारों से भारतीय मसालों की मांग मजबूत बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की सक्रियता और घरेलू त्योहारी सीजन की लिवाली एक साथ निकलने से कीमतों को सीधा समर्थन मिला है।"
मंडी विश्लेषकों का मानना है कि आगामी दिवाली सीजन के दौरान मसालों की खपत अपने चरम पर होगी। यदि उत्पादक क्षेत्रों से आपूर्ति में सुधार नहीं होता है, तो त्योहारी मांग के दबाव में मेथी की कीमतों में दिवाली से पहले ₹10 प्रति किलो की अतिरिक्त तेजी देखने को मिल सकती है। ऐसे में खुदरा स्तर पर कीमतें ₹100 प्रति किलो का स्तर छू सकती हैं।
[@ खूब खाइए हरी सब्जियां घटेगा मोतियाबिंद का खतरा]
[@ ‘हवा-हवाई गर्ल’ ने राखी भाई से की हैं शादी, पहले से थी प्रेग्नेंट]
[@ झूठ बोलने से नहीं मिलेगा इन कार्यो का फल]