धनिये के दामों में लगी आग: एक माह में 15 रुपए प्रति किलो तक बढ़े दाम
Source : business.khaskhabar.com | Jun 27, 2026 | 

बिजनेस डेस्क। जयपुर
देश भर के मसाला बाजारों में धनिये की कीमतों में इन दिनों जोरदार तेजी देखी जा रही है। पिछले एक महीने के भीतर धनिया करीब 15 रुपये प्रति किलो महंगा हो गया है। शुक्रवार को राजधानी की कूकरखेड़ा मंडी में थोक भावों में 'स्कूटर मशीनक्लीन' धनिया 160 रुपये (जीएसटी सहित) प्रति किलो बिका। इसके अलावा, 'ईगल' किस्म 154 रुपये और 'बादामी' धनिया 151 रुपये प्रति किलो के भाव पर कारोबार करता दिखा।
मंडी के विशेषज्ञों और व्यापारियों के अनुसार, आने वाले महीनों में धनिये के दामों में नरमी के आसार कम हैं। इसके पीछे मुख्य कारण आपूर्ति और मांग का असंतुलन है। देश भर की मंडियों में वर्तमान में लगभग 60 लाख बोरी का स्टॉक उपलब्ध है, जबकि नई फसल आने में अभी 8 महीने का लंबा समय शेष है। देश में धनिये की मासिक खपत 8 से 10 लाख बोरी है। व्यापारियों और स्टॉकिस्टों के पास स्टॉक की कमी के कारण कीमतों में उछाल बना हुआ है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक प्रतिकूल मौसम और पिछले सीजन में किसानों को उचित दाम न मिलने के कारण इस बार बुवाई में कमी आई थी, जिससे कुल उत्पादन घटने का अनुमान है। उत्पादक मंडियों में भी आवक सामान्य से कमजोर बनी हुई है।
मसाला बोर्ड के आंकड़ों पर नजर डालें तो वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान देश से 60,211 टन धनिये का निर्यात हुआ, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि (60,323 टन) के मुकाबले लगभग स्थिर है। निर्यात में कोई बड़ा बदलाव न होने के बावजूद, घरेलू बाजार में कम स्टॉक और बुवाई घटने के कारण धनिये की कीमतों में तेजी का रुख बना हुआ है।
[@ हनुमानजी व शनिदेव के बीच क्या है रिश्ता]
[@ व्यापार में सफलता के अचूक उपाय]
[@ इन बातों का रखें ध्यान, भरे रहेंगे धन के भंडार]