बारिश में देरी से मूंगफली उत्पादन को झटका: ₹10 प्रति किलो तक बढ़ सकते हैं दाने के दाम, मंडियों में गहराया स्टॉक संकट
Source : business.khaskhabar.com | July 30, 2026 | 

बिजनेस डेस्क। जयपुर इस बार मानसूनी बारिश में हुई देरी का सीधा असर तिलहन बाजार और खाद्य तेल उद्योग पर पड़ता दिख रहा है। बारिश में देरी के कारण मूंगफली की बिजाई में भारी गिरावट आई है, जिससे आगामी सीजन में देश में मूंगफली का कुल उत्पादन घटने की आशंका गहरा गई है।
मंडियों में पुराना स्टॉक लगभग खत्म होने की कगार पर है। इसके चलते मूंगफली दाने के दामों में मंदी के सारे दरवाजे बंद हो चुके हैं और आने वाले दिनों में कीमतें तेज उछाल भरने को तैयार हैं। जयपुर मंडी में गुरुवार को मूंगफली दाना थोक में 110 से 114 रुपए प्रति किलो के स्तर पर बिका।
जयपुर की कुकरखेड़ा मंडी स्थित प्रमुख कारोबारी फर्म गुलाब चंद गोपीनाथ के संचालक के.जी. झालानी के अनुसार, देश में मूंगफली का उत्पादन पिछले कुछ वर्षों में लगातार घटा है। वर्ष 2024 में देश में मूंगफली का उत्पादन लगभग 135 लाख टन हुआ था, जो पिछले साल (रबी और खरीफ मिलाकर) घटकर 90 लाख टन पर आ गया। इस बार बिजाई में आई कमी को देखते हुए मूंगफली का कुल उत्पादन 80 लाख टन के आसपास ही सिमटने का अनुमान है।
मंडियों में मूंगफली का पुराना स्टॉक अब न के बराबर (नगण्य) बचा है, जिसके चलते राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश की प्रमुख मंडियों में मूंगफली दाने की भारी किल्लत (शॉर्टेज) बनी हुई है।
सामान्यतः मूंगफली की बिजाई जून के पहले सप्ताह में पूरी हो जाती है। हालांकि, इस बार मानसून की बेरुखी और बारिश की कमी के कारण बुवाई का काम जुलाई तक खिंच गया। इसके साथ ही, बाजार में सोयाबीन के ऊंचे भाव रहने और बारिश में देरी के कारण किसानों का रुझान अन्य फसलों की ओर भी बढ़ा है, जिससे मूंगफली के रकबे में सीधे तौर पर कमी दर्ज की गई है।
बाजार विशेषज्ञों का आकलन है कि नई फसल अक्टूबर 2026 में मंडियों में पहुंचेगी। तब तक अगले दो-तीन महीनों के दौरान सीमित आवक और भारी मांग के चलते मूंगफली दाना 10 रुपए प्रति किलो तक और महंगा हो सकता है। मौजूदा सप्लाई संकट और मजबूत मांग को देखते हुए कारोबारियों का कहना है कि चालू वित्त वर्ष में मूंगफली का व्यापार करने वाले व्यापारियों के लिए यह सीजन काफी लाभदायक साबित होने वाला है।
[@ व्यायाम से डर लगे तो कॉफी पीएं]
[@ इस दिशा में हो मंदिर, तो घर में होती है कलह]
[@ इस गुफा का चमत्कार सुनकर रह जाएंगे दंग]