फेरारी ने पेश की लूचे इलेक्ट्रिक कार, सिर्फ 2.5 सेकंड में पकड़ लेती है 100 की रफ्तार
Source : business.khaskhabar.com | May 26, 2026 | 
ऑटो डेस्क। नई दिल्ली विश्व की सभी कंपनिया जहां इलेक्ट्रिक वाहन की तरफ रूख कर रही हैं, इसी समय सुपर कार निर्माता फेरारी ने भी इस दिशा में कदम बढ़ा लिए हैं। फेरारी ने अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक कार Luce (लूचे) से पर्दा उठा दिया है। यह कार सिर्फ इसलिए खास नहीं है क्योंकि यह फेरारी की पहली ईवी है, बल्कि इसके डिजाइन में पूर्व-एपल डिजाइन चीफ जॉनी इवे की कंपनी 'LoveForm' का भी बड़ा हाथ है।
यह चार दरवाजों और पांच सीटों वाली एक इलेक्ट्रिक ग्रैंड टूरर (जीटी) है। इसके लिए ग्लोबल लेवल पर बुकिंग शुरू हो चुकी है और इसकी शुरुआती कीमत 550,000 डालर (लगभग 6.10 करोड़ रुपये) रखी गई है।
एक्सटीरियर डिजाइन ऐसा होगाः फेरारी लूचे का एक्सटीरियर डिजाइन इतना अलग और हटकर है कि अगर आप इससे फेरारी का लोगो हटा दें तो शायद ही कोई इसे एक पारंपरिक फेरारी पहचान पाए। कंपनी ने इसे एक अनकंवेंशनल (अपरंपरागत) और डिसरप्टिव लुक देने के इरादे से बिल्कुल नए सिरे से डिजाइन किया है। यही वजह है कि इसमें फेरारी की क्लासिक मिड-इंजन वाली बनावट के बजाय एक फास्टबैक सेडान जैसा प्रोफाइल देखने को मिलता है।
इस कार का डिजाइन टू-पीस बॉडी कॉन्सेप्टः इसमें ग्लॉस ब्लैक केबिन के ऊपर एक रंगीन बाहरी शेल लपेटा गया है, जो इसे सड़कों पर चलने वाली अन्य कारों से एकदम अलग बनाता है।
फेरारी ने इसकी बनावट में एयरोडायनामिक्स का खास ख्याल रखा है। मिसाल के तौर पर, इसके विंडशील्ड वाइपर को शीशे के किनारों पर सीधे पोजीशन में रखा गया है ताकि हवा का दबाव कम हो सके। इन बारीकियों का परिणाम है कि यह अब तक की सबसे बेहतरीन एयरोडायनामिक फेरारी बन गई है।
आकार के मामले में भी यह फेरारी की अब तक की सबसे बड़ी कार है।
इसकी भव्यता को और निखारने के लिए कंपनी ने इसमें आगे की तरफ 23-इंच और पीछे की तरफ 24-इंच के विशाल अलॉय व्हील्स दिए हैं। ये फेरारी के इतिहास में किसी भी मॉडल में इस्तेमाल किए गए सबसे बड़े पहिए हैं। कुल मिलाकर, लूचे का डिजाइन परंपराओं को तोड़कर भविष्य की एक नई दिशा की ओर इशारा करता है।
अन्य फेरारी से बिल्कुल हटकर होगा इंटीरियरः फेरारी लूचे का इंटीरियर अनुभव किसी भी अन्य फेरारी से बिल्कुल अलग और यादगार है। प्यूरोसांग्वे (Purosangue) की तरह इसमें भी पीछे की तरफ खुलने वाले सुसाइड डोर्स दिए गए हैं, जो कार में प्रवेश करने के अनुभव को बेहद खास बना देते हैं। खास बात यह है कि यह फेरारी की पहली 5-सीटर कार है, जिसे काफी व्यावहारिक बनाया गया है। इसके इंटीरियर की सबसे बड़ी खासियत इसकी सादगी है।
आजकल की आधुनिक कारों में जहां डैशबोर्ड पर स्क्रीन्स की भरमार होती है, वहीं लूचे ने एक अलग राह चुनी है। इसे एनालॉग और सरल रखा गया है, जो एक रिफ्रेशिंग अहसास देता है। इसमें पूर्व-एप्पल डिजाइन चीफ जॉनी इवे की कंपनी का प्रभाव साफ दिखता है। केबिन के भीतर एनोडाइज्ड एल्युमिनियम और विशेष कॉर्निंग ग्लास का खूबसूरती से इस्तेमाल किया गया है, जो आपको किसी प्रीमियम एप्पल प्रोडक्ट की याद दिला देगा।
तकनीकी तौर पर भी यह बेहद स्मार्ट है। बीच में लगा 10-इंच का इन्फोटेनमेंट स्क्रीन एक बॉल-एंड-सॉकेट जॉइंट और एक मजबूत हैंडल के साथ आता है। इसे आप अपनी जरूरत के अनुसार ड्राइवर या पैसेंजर की तरफ आसानी से घुमा सकते हैं। इसके अलावा, इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म के कारण कार का फ्लोर बिल्कुल फ्लैट है, जिससे पीछे बैठने वालों को भरपूर जगह मिलती है। साथ ही, इसमें 597-लीटर का विशाल बूट स्पेस भी दिया गया है, जो फेरारी के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा स्टोरेज है।
पावर, बैटरी और परफॉर्मेंसः फेरारी लूचे के दिल में एक अत्याधुनिक बोर्न-इलेक्ट्रिक स्केटबोर्ड प्लेटफॉर्म है, जो इसे प्रदर्शन के मामले में एक नई ऊंचाई पर ले जाता है। इसमें हर पहिए पर एक स्वतंत्र इलेक्ट्रिक मोटर लगी है, यानी कुल चार मोटर्स मिलकर इसे जबरदस्त ताकत देती हैं। यह पावरहाउस कुल 1050hp की पावर और 990Nm का टॉर्क जेनरेट करने में सक्षम है, जो इसे एक असली स्पीड मशीन बनाता है। ड्राइविंग के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इसमें तीन मुख्य मोड दिए गए हैं।
रोजमर्रा की लंबी दूरी के लिए रेंज मोड (430hp), आरामदेह सफर के लिए टूर मोड (617hp) और जब आपको पूरी ताकत का अनुभव करना हो तो परफॉर्मेंस मोड (986hp)। हालांकि, जब आप इसके लॉन्च कंट्रोल को एक्टिवेट करते हैं तो यह कार अपनी पूरी 1050hp की ताकत के साथ सड़क पर उतरती है। इसका नतीजा यह है कि लूचे केवल 2.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी टॉप-स्पीड 310 किमी/घंटा तक जाती है। दिलचस्प बात यह है कि इसके स्टीयरिंग के पीछे दिए गए पैडल शिफ्टर्स का इस्तेमाल गियर बदलने के लिए नहीं होता, क्योंकि इसमें गियरबॉक्स ही नहीं है।
रेंज और साउंडः फेरारी लूचे के प्रदर्शन को लंबे समय तक बनाए रखने के लिए इसमें 122kWh का एक विशाल बैटरी पैक दिया गया है। इसे मारानेलो (फेरारी के मुख्यालय) में ही विशेष रूप से डिजाइन और तैयार किया गया है। 630 किलो वजनी यह बैटरी कार के फ्लोर में पूरी तरह एकीकृत है, जो कंपनी के दावे के अनुसार एक बार फुल चार्ज करने पर लगभग 530 किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम है।
जहां आज की ज्यादातर इलेक्ट्रिक कारें स्पीकर के जरिए V8 इंजन की नकली आवाज पैदा करती हैं, वहीं फेरारी ने लूचे के साथ एक अलग और अनूठा रास्ता अपनाया है। कंपनी ने इसमें किसी भी तरह की बनावटी आवाज का सहारा नहीं लिया है। इसके बजाय, परफॉर्मेंस मोड में कार के अंदर लगे एक्सेलेरोमीटर रोटेटिंग पार्ट्स के वाइब्रेशन को कैप्चर और एम्पलीफाई करते हैं।
[@ खुद को160बार कटवाया जहरीले सांपों से, क्यों!]
[@ अरे वाह...बकरी के बच्चे के साथ योगा:देखें PIX]
[@ मस्जिद में सिर्फ महिलाए पढती हैं नमाज,ऎसा क्यों]