गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट के शेयर लिस्टिंग प्राइस से 8 प्रतिशत से ज्यादा फिसलकर बंद हुए
Source : business.khaskhabar.com | Aug 26, 2026 | 

बिजनेस डेस्क। मुंबई गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट के शेयर में बुधवार को लिस्टिंग के बाद बड़ी मुनाफावसूली देखने को मिली और यह अपने दिन के निचले स्तर के करीब बंद हुआ। गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट के शेयर अपने इश्यू प्राइस 160 रुपए के मुकाबले एनएसई पर 15.62 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 185 रुपए और बीएसई पर 15.75 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 185.20 रुपए पर लिस्ट हुए थे।
हालांकि, लिस्टिंग के बाद शेयर अपनी बढ़त को बनाए नहीं रख पाए और एनएसई पर लिस्टिंग प्राइस 185 रुपए के मुकाबले 8.8 प्रतिशत की गिरावट के साथ 168.67 रुपए पर बंद हुए। हालांकि, यह अभी भी इश्यू प्राइस से 5.42 प्रतिशत अधिक है।
लिस्टिंग के बाद गिरावट की वजह मुनाफावसूली को माना जा रहा है।
इससे शेयर में व्यापक आधार पर पूरे दिन दबाव बना रहा। हालांकि, गिरावट के बावजूद, पूरे सत्र के दौरान शेयर आईपीओ प्राइस से ऊपर बने रहे।
गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट के 550 करोड़ रुपए के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) को निवेशकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। यह पब्लिक इश्यू 31.33 गुना सब्सक्राइब हुआ, जो निवेशकों के बीच इसकी भारी मांग को दिखाता है।
इस आईपीओ का प्राइस बैंड 152 रुपए से 160 रुपए प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया था। इसमें 450 करोड़ तक का फ्रैश इश्यू और 100 करोड़ तक के ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) शामिल थे। गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट नए शेयरों से मिली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, नए इन्वेस्टमेंट फंड शुरू करने और सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए करने की योजना बना रहा है।
कंपनी मुख्य रूप से तीन तरह के कारोबार करती है, जिसमें मैनेजमेंट फीस, कैरीड इंटरेस्ट और स्पॉन्सर कमिटमेंट से होने वाली आय शामिल है। इसके लिमिटेड पार्टनर्स भारत, अमेरिका, यूरोप और मिडिल ईस्ट समेत 20 से ज्यादा देशों में फैले हुए हैं। -आईएएनएस
[@ सुनील दत्त के कारण मिला बॉलीवुड को मशहूर कॉमेडियन जॉनी लीवर]
[@ पापियों को "नर्क" की याद दिलाता है ये मंदिर]
[@ खूब खाइए हरी सब्जियां घटेगा मोतियाबिंद का खतरा]