बाजारों में अधिक तरलता के चलते अप्रैल 2027 तक रेपो रेट 6 प्रतिशत पहुंचने की उम्मीद
Source : business.khaskhabar.com | Sep 04, 2026 | 

बिजनेस डेस्क। नई दिल्ली भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) बाजार में अधिक तरलता के चलते रेपो रेट को अप्रैल 2027 तक बढ़ाकर 6 प्रतिशत कर सकता है। यह जानकारी शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई। बंधन एएमसी की रिपोर्ट में कहा गया कि भारत के स्थिर आय वाले निवेशकों को बढ़ती मुद्रास्फीति के दबाव के बीच एक जटिल वातावरण का सामना करना पड़ रहा है, जो नीतिगत सामान्यीकरण में तेजी लाने की वकालत करता है और विदेशी मुद्रा प्रवाह से रुपए की तरलता में वृद्धि ने ओवरनाइट रेट्स को नीतिगत दरों से काफी नीचे धकेल दिया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि तालमेल उस रफ्तार से बिठाया जाएगा जिस तेजी से आरबीआई नॉर्मलाइजेशन (सामान्य स्थिति में लौटने की प्रक्रिया) की कार्रवाई करेगा। इसमें ओवरनाइट रेट एंकर को पॉलिसी रेट के हिसाब से फिर से तय करना, मीडियम-टर्म में ज्यादा लिक्विडिटी को कैसे सोखा जाए, इस पर विचार करना और साथ ही बढ़ती महंगाई के दबाव को देखते हुए एमपीसी द्वारा रेपो रेट को सामान्य करने की रफ्तार पर विचार करना शामिल हो सकता है।
फर्म ने कहा कि अभी लिक्विडिटी को सामान्य करने की रफ्तार के मामले में बहुत ज्यादा गुंजाइश नहीं है, क्योंकि अभी हालात में काफी गड़बड़ियां हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि बाजार को कुछ अस्थायी और स्थायी उपायों की उम्मीद है, जिनमें फॉरेक्स स्वैप, एमएसएस बॉन्ड, ओएमओ बिक्री और संभवतः सीआरआर में बढ़ोतरी शामिल हो सकती है।
रिपोर्ट में मिडिल ईस्ट में फिर से बढ़े तनाव के कारण ऊर्जा की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी और कृषि उत्पादों सहित सभी तरह की कमोडिटीज पर व्यापक दबाव का जिक्र किया गया है। मानसून असमान रहा है, जीडीपी ग्रोथ मजबूत रही है और भारत में क्रेडिट लगभग 18 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया है, इस तरह, वैश्विक और स्थानीय दोनों ही हालात महंगाई का दबाव बढ़ने की ओर इशारा कर रहे हैं, भले ही अब तक के आंकड़े आरबीआई के लिए राहत की बात रहे हों। रिपोर्ट के अनुसार, पिछली पॉलिसी मीटिंग के मिनट्स में एमपीसी सदस्यों का रुख ज्यादा सख्त दिखा है, जो उनकी बढ़ती सतर्कता को दर्शाता है; ऐसा माना जा रहा है कि हाल के समय में वैश्विक स्तर पर कीमतों का दबाव बढ़ने के कारण सदस्य मौजूदा पॉलिसी के रुख को लेकर और भी असहज महसूस कर रहे होंगे। -आईएएनएस
[@ पति ने संबंध बनाने से किया इंकार तो पत्नी ये क्या कर बैठी...]
[@ व्यापार में सफलता के अचूक उपाय]
[@ सुनील दत्त के कारण मिला बॉलीवुड को मशहूर कॉमेडियन जॉनी लीवर]