businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

भारत टैक्सी ऐप पर 8.48 लाख ड्राइवर पंजीकृत, डेली राइड्स 11 हजार के पार

Source : business.khaskhabar.com | Aug 13, 2026 | businesskhaskhabar.com Automobile News Rss Feeds
 848 lakh drivers registered on bharat taxi app daily rides cross 11000 836229नई दिल्ली । सहकारी मॉडल पर आधारित डिजिटल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म भारत टैक्सी पर देशभर में 8.48 लाख ड्राइवर और 44.27 लाख ग्राहक पंजीकृत हैं और इसके माध्यम से रोजाना 11,106 राइड्स की जा रही हैं। यह जानकारी सरकार ने संसद में बुधवार को दी।  
केंद्रीय गृह मंत्री एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राज्यसभा को बताया कि सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा संचालित इस प्लेटफॉर्म के जरिए सारथियों (ड्राइवरों) की कुल 83.70 करोड़ रुपए की कमाई सुनिश्चित हुई है। भारत टैक्सी को दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान में आधिकारिक रूप से लॉन्च किया जा चुका है।
सहकारिता मंत्रालय के बयान के अनुसार, भारत टैक्सी सेवाओं को अन्य राज्यों में चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है। इसका विस्तार परिचालन संबंधी जरूरतों और आवश्यक मंजूरियों के आधार पर किया जा रहा है।
बयान में कहा गया कि विस्तार के लिए परिचालन की तैयारी, सारथियों की उपलब्धता, वैधानिक आवश्यकताओं को पूरा करना, संबंधित राज्य सरकारों, सहकारी संस्थाओं और अन्य हितधारकों के साथ समन्वय जैसे कारकों को ध्यान में रखा जा रहा है।
योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया में सारथियों या ड्राइवरों का पंजीकरण और ऑनबोर्डिंग, ग्राहकों का नामांकन, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा चिन्हित शहरों और राज्यों में सेवाओं का विस्तार शामिल है।
क्षेत्रवार औसत दैनिक यात्राओं के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 5,574, गुजरात में 3,817, पुणे में 632, जयपुर में 372, लखनऊ में 324, मुंबई में 197 और चंडीगढ़ में 190 दैनिक यात्राएं दर्ज की गईं। इन सभी को मिलाकर रोजाना कुल 11,106 यात्राएं होती हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत टैक्सी एक सहकारी आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है, जिसका संचालन सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) द्वारा बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के प्रावधानों के तहत किया जाता है। वहीं, यात्री साथी पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग (डीआईटीई) द्वारा विकसित और संचालित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म है।
एसटीसीएल ने 19 जुलाई, 2026 को पश्चिम बंगाल सरकार के साथ यात्री साथी प्लेटफॉर्म के साथ सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत भारत टैक्सी ड्राइवरों के नामांकन, सहकारी सदस्यता, ड्राइवर कल्याण और जन-जागरूकता के क्षेत्रों में सहयोग करेगा।
—आईएएनएस
 

[@ जानिए क्यों ये आदमी 25 सालों से खा रहा है मिट्टी]


[@ झील के पानी में हाथ डालते ही उठने लगी आग की लपटे!]


[@ कछुआ से लाए घर में ढेर सारी सुख और समृद्धि]