businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

धनतेरस से एक दिन पहले सोना-चांदी में जोरदार उछाल, 2 प्रतिशत तक चढ़े भाव, ट्रंप की हार के बाद बढ़ी खरीदारी

Source : business.khaskhabar.com | Nov 05, 2026 | businesskhaskhabar.com Commodity News Rss Feeds
 a day before dhanteras gold and silver prices surged with prices rising by up to 2 percent as buying increased following trumps defeat 858891नई दिल्ली । धनतेरस से ठीक एक दिन पहले सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली। अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को मिली हार, कमजोर डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट के बाद निवेशकों का रुख एक बार फिर सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ा, जिससे वैश्विक और घरेलू दोनों बाजारों में कीमती धातुओं की चमक लौट आई। 
अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में सोना करीब 1.91 प्रतिशत उछलकर 4,150.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं चांदी 1.61 प्रतिशत की तेजी के साथ 53.15 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखी। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक अमेरिकी चुनाव नतीजों के बाद डॉलर कमजोर हुआ और ट्रेजरी यील्ड में नरमी आई, जिससे सोने और चांदी को मजबूत समर्थन मिला।
वहीं, वैश्विक तेजी का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना अपने पिछले बंद भाव 1,43,234 रुपए से 2,546 रुपए यानी 1.77 प्रतिशत उछलकर 1,45,780 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला। जबकि दिन के कारोबार में एक समय गोल्ड 2,875 रुपए यानी 2 प्रतिशत की तेज उछाल के साथ 1,46,109 रुपए के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
वहीं चांदी में और ज्यादा तेजी देखने को मिली, और यह अपने पिछले बंद 1,87,735 रुपए से 2,365 रुपए बढ़कर 1,90,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुली। वहीं दिन के कारोबार में एक समय दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी 3,211 रुपए यानी 1.71 प्रतिशत की उछाल के साथ 1,90,946 रुपए प्रति किलोग्राम के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी चुनाव नतीजों ने बाजार की धारणा बदल दी है। निवेशकों को उम्मीद है कि अमेरिकी राजनीतिक समीकरण बदलने के बाद पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज हो सकते हैं। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में हालिया गिरावट ने महंगाई को लेकर चिंताओं को कुछ कम किया है।
तकनीकी दृष्टि से भी सोने ने एक साल के निचले स्तर के पास से मजबूत रिकवरी दिखाई है। कॉमेक्स गोल्ड में लगातार दूसरे दिन मजबूत तेजी दर्ज हुई है, जिससे कीमतें फिर 4,000 डॉलर के ऊपर मजबूती से टिक गई हैं।
तकनीकी विश्लेषकों के अनुसार, कॉमेक्स गोल्ड के लिए 4,070-4,100 डॉलर प्रति औंस का स्तर अब महत्वपूर्ण सपोर्ट बन गया है। यदि सोना इस स्तर के ऊपर बना रहता है तो अगला लक्ष्य 4,170-4,200 डॉलर हो सकता है।
वहीं, एमसीएक्स गोल्ड के लिए 1,45,300 रुपए से 1,46,000 रुपए का दायरा अहम प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) क्षेत्र माना जा रहा है। इस स्तर के ऊपर टिकने पर कीमतें 1,48,000 रुपए से 1,48,600 रुपए तक जा सकती हैं। वहीं चांदी के लिए 1,94,000 रुपए से 1,96,000 रुपए प्रति किलोग्राम अगला प्रमुख प्रतिरोध है।
विशेषज्ञों का कहना है कि धनतेरस की मांग, कमजोर डॉलर और सुरक्षित निवेश की बढ़ती जरूरत फिलहाल सोने-चांदी को समर्थन दे सकती है। हालांकि अमेरिकी नौकरियों के आंकड़े और फेडरल रिजर्व से जुड़े संकेत आगे की दिशा तय करेंगे।
--आईएएनएस
 

[@ यहां होती है चमगादडों की पूजा]


[@ फिल्म इंडस्ट्री में सेक्स रैकेट का धंधा पांव पसारता जा रहा है,फंसी ये 11 एक्ट्रेस]


[@ 5 अनोखे होम टिप्स से पाएं खूबसूरत त्वचा ]