businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

अदाणी एंटरप्राइजेज ने एयरलाइन कारोबार में उतरने की रिपोर्ट्स को किया खारिज

Source : business.khaskhabar.com | July 24, 2026 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 adani enterprises denies reports of entering the airline business 831174अहमदाबाद । अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (एईएल) ने शुक्रवार को उन मीडिया रिपोर्ट्स और अटकलों का खंडन किया, जिनमें दावा किया गया था कि अदाणी समूह की फ्लैगशिप कंपनी एयरलाइन शुरू करने की योजना बना रही है। 
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि अदाणी समूह एयरलाइन कारोबार में प्रवेश करने की तैयारी कर रहा है।
अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के प्रवक्ता ने कहा, "हम हाल की उन मीडिया रिपोर्ट्स और बाजार की अटकलों का स्पष्ट रूप से खंडन करते हैं, जिनमें कहा गया है कि अदाणी एंटरप्राइजेज एयरलाइन शुरू करने की योजना बना रही है।"
उन्होंने आगे कहा, "ये रिपोर्ट्स पूरी तरह निराधार और तथ्यात्मक रूप से गलत हैं। अदाणी एंटरप्राइजेज एयरलाइन कारोबार में प्रवेश करने के किसी भी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है।"
हाल ही में अदाणी एयरपोर्ट्स ने अपने एयरपोर्ट नेटवर्क के तहत पांच राज्यों में एकीकृत एयरपोर्ट सिटी विकसित करने के लिए पहले चरण में 20,000 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश वाली महत्वाकांक्षी योजना का ऐलान किया था।
इस परियोजना के तहत छह हवाईअड्डों में 655 एकड़ से अधिक भूमि का विकास किया जाएगा, जिसमें अकेले मुंबई और नवी मुंबई में लगभग 440 एकड़ भूमि शामिल है।
भारत की सबसे बड़ी निजी एयरपोर्ट ऑपरेटर अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी अदाणी एयरपोर्ट सिटी लिमिटेड (एएसीएल) के अनुसार, मुंबई, नवी मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में लगभग 2.2 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र का विकास किया जाएगा।
कंपनी अपने एयरपोर्ट नेटवर्क के आसपास एकीकृत एयरपोर्ट सिटी विकसित करेगी, जहां हॉस्पिटैलिटी, रिटेल, मनोरंजन, कन्वेंशन सेंटर और व्यावसायिक अवसंरचना को एक ही परिसर में आधुनिक और सुगम शहरी ढांचे के तहत विकसित किया जाएगा।
कंपनी के अनुसार, प्रस्तावित निवेश का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा मुंबई और नवी मुंबई में किया जाएगा, जो भारत के प्रमुख वाणिज्यिक, वित्तीय और विमानन केंद्र मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) की अहमियत को दर्शाता है।
इन परियोजनाओं को ऐसे एकीकृत और पैदल चलने योग्य शहरी क्षेत्रों के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां यात्री, कारोबारी और स्थानीय समुदाय होटल, कार्यालय, रिटेल स्टोर, रेस्तरां, मनोरंजन और कन्वेंशन सुविधाओं का लाभ एयरपोर्ट, मेट्रो और शहर की परिवहन व्यवस्था से निर्बाध रूप से जुड़े वातावरण में उठा सकेंगे।
--आईएएनएस
 

[@ प्रदूषण का आंखों पर होता है ये असर]


[@ पर्स में पैसा नहीं टिकता तो करें ये सरल उपाय ]


[@ जानिए क्यों ये आदमी 25 सालों से खा रहा है मिट्टी]


Headlines