businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, छह देशों के प्रतिनिधिमंडल होंगे शामिल

Source : business.khaskhabar.com | Sep 21, 2026 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 up international trade show to be held in greater noida from sept 25 29 delegations from six countries to participate 846302ग्रेटर नोएडा । उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निर्माण और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में आयोजित होने वाले चतुर्थ उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस -2026) की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले व्यापार मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।  
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप बनाया जाए और देश-विदेश से आने वाले खरीदारों, निवेशकों, उद्यमियों तथा प्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यूपीआईटीएस-2026 में इस बार जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस छह भागीदार देशों के प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। इन देशों की ओर से प्रीमियम फोयर पवेलियन, द्विपक्षीय कारोबारी सत्र और बी2बी बैठकों में भागीदारी की जाएगी। फियो और विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों के समन्वय से 72 देशों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के मेले में पहुंचने की संभावना है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को विदेशी खरीदारों और प्रदर्शकों के लिए उचित आवास की व्यवस्था करने, भाग लेने वाले देशों के उच्चायुक्तों के लिए लायजन ऑफिसर नियुक्त करने तथा प्रतिनिधियों की सहायता के लिए गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और तकनीकी विश्वविद्यालयों के छात्रों को तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के साथ जोड़ने और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ अतिरिक्त संवाद सत्र आयोजित करने पर भी जोर दिया।
संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सीएम योगी ने यातायात, पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तीनों प्राधिकरणों को आपसी समन्वय के साथ स्वच्छता, कानून-व्यवस्था और सुचारू यातायात बनाए रखने को कहा गया है। आयोजन स्थल को प्लास्टिक-मुक्त और व्यवस्थित रखने के साथ प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। सभी सरकारी विभागों को 23 सितंबर तक अपने स्टॉल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग, पोस्टर और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। नेटवर्क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए अतिरिक्त टावर लगाने और विश्वसनीय इंटरनेट व वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए टेलीकॉम कंपनियों से समन्वय किया जा रहा है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने मुख्यमंत्री को यूपीआईटीएस-2026 के लिए तैयार यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। आयोजन स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों की समीक्षा की गई है। प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। फ्रिस्किंग, भीड़ प्रबंधन और लगातार निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
आगंतुकों, प्रदर्शकों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था तथा मार्ग प्रबंधन पर भी काम किया गया है। आयोजन स्थल और पार्किंग क्षेत्रों के बीच आवागमन को आसान बनाने के लिए 500 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) शटल बसें संचालित की जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों और वीवीआईपी मेहमानों की सहायता के लिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विशेष यूपीआईटीएस सुविधा काउंटर भी संचालित किया जा रहा है। यूपीआईटीएस का प्रचार एनएमआरसी मेट्रो, शहर की बसों, मल्टीप्लेक्स सिनेमा स्क्रीन, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए किया जा रहा है।
मेटा प्लेटफॉर्म्स पर प्रचार अभियान को अब तक 1.3 करोड़ से अधिक वीडियो व्यूज मिल चुके हैं। खरीदारों, प्रदर्शकों और मेहमानों की सहायता के लिए सीएम फेलो, उद्यमी मित्र, गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और अन्य संस्थानों के युवा स्वयंसेवकों को भी तैनात किया जा रहा है। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने मुख्यमंत्री को जिले में चलाए जा रहे जमीनी और युवा जनसंपर्क अभियानों की जानकारी दी। आरडब्लूए, औद्योगिक संगठनों, स्कूल-कॉलेजों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें की गई हैं। युवाओं और स्कूली छात्रों की भागीदारी बढ़ाने के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और विशेष क्विज का आयोजन किया जाएगा।
--आईएएनएस
 

[@ 6 साल तक नहीं गया ऑफिस फिर भी मिला बेस्ट अवार्ड क्यों ...]


[@ इस एक्ट्रेस ने माना, खाना बनाने से दूर होता है तनाव]


[@ जब इस डायरेक्टर ने राखी गुलजार को मारा था थप्पड़]