businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

भारत में कॉर्पोरेट टैक्स पश्चिमी देशों से काफी कम, इंडस्ट्री की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में नहीं है बाधा : एक्सपर्ट्स

Source : business.khaskhabar.com | Nov 20, 2026 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 corporate tax in india is much lower than in western countries does not hinder the competitiveness of the industry experts 862222
बिजनेस डेस्क। नई दिल्ली 

भारत में कॉर्पोरेट टैक्स बीते कई वर्षों में तेजी से कम हुआ है और यह अब पश्चिमी देशों और दुनिया के अन्य हिस्सों के मुकाबले काफी कम है। इस कारण मौजूदा समय में यह प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में कोई बड़ी बाधा नहीं है। यह जानकारी इंडस्ट्री की ओर से शुक्रवार को दी गई। 

वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा स्थापित किए गए व्यापार और निवेश कानून केंद्र (सीटीआईएल) के प्रोफेसर और प्रमुख डॉ. जेम्स जे. नेदुमपारा ने कहा कि भारत में बीते 12 वर्षों में कॉर्पोरेट टैक्स में कमी आई है और यह पश्चिमी देशों एवं दुनिया के कई हिस्सों के मुकाबले कम हो गया है। साथ ही, यह उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता में कोई बड़ी बाधा नहीं है। 

उन्होंने आगे कहा कि अगर इंडस्ट्री को कम टैक्स देना पड़ा रहा है, तो ज्यादा उत्पादन और नौकरियां पैदा होनी चाहिए और शायद प्रधानमंत्री ने भी यही सुझाव इंडस्ट्री को दिया और मुझे लगता है कि इसे इंडस्ट्री सकारात्मक रूप में लेगी। गुरुवार को फिक्की के एक कार्यक्रम में संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडस्ट्री से सवाल पूछते हुए कहा था, "सरकार ने बीते कई वर्षों में कॉर्पोरेट टैक्स में बड़ी कटौती की है, लेकिन क्या इंडस्ट्री ने कर्मचारियों का वेतन और संख्या बढ़ाई?" 

इस वित्तीय वर्ष में कुल 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य हासिल के सवाल पर नेदुम्पारा ने कहा कि हमें मौजूदा वैश्विक आर्थिक माहौल पर भी ध्यान देना चाहिए। कई औद्योगिक देश, खासकर अमेरिका और यूरोपीय संघ, व्यापार संरक्षणवाद अपना रहे हैं और ऊंचे शुल्क लगा रहे हैं। अमेरिका ने पिछले साल आईईईपीए टैरिफ लगाए थे, जिन्हें बाद में हटा लिया गया, लेकिन 'सेक्शन 301' जांच के तहत 10 प्रतिशत का शुल्क लागू कर दिया गया है। 

यूरोपीय संघ ने भी अपने 'टैरिफ-रेट कोटा' (टीआरक्यू) तंत्र के जरिए शुल्क लगाए हैं, जो मुख्य रूप से स्टील पर लागू होते हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम इस तरह के व्यापार संरक्षणवाद से उद्योगों को बचाने के लिए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) कर रहे हैं। इससे भारतीय उद्योंगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में मदद मिल रही है। साथ ही, हम 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य के करीब पहुंच रहे हैं। 

सेंटर फॉर डिजिटल इकोनॉमी पॉलिसी के अध्यक्ष डॉ. जयजीत भट्टाचार्य रिसर्च ने कहा कि भारत 'विकसित भारत' के विजन के तहत एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में काम कर रहा है, इसलिए अन्य विकसित देशों द्वारा अपनाए गए व्यापार उपायों और व्यापार नीतियों का अध्ययन करना महत्वपूर्ण है। वैश्विक स्तर पर, जब सरकारी एजेंसियां ​​गहन जांच के बाद 'डंपिंग' की पुष्टि कर देती हैं, तब 'एंटी-डंपिंग ड्यूटी' लगाई जाती है। हमारी रिपोर्ट से पता चलता है कि अगर ऐसी ड्यूटी नहीं लगाई जाती है, तो भारतीय उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। कई छोटे उद्योगों बंद हो जाते हैं। -आईएएनएस

[@ जब इस डायरेक्टर ने राखी गुलजार को मारा था थप्पड़]


[@ शिमला मिर्च के सेहतभरे लाभ]


[@ सास को दामाद से हुआ इश्क, शादी करती लेकिन...]


Headlines