businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

भाव ऊंचा होने के बावजूद जून में बढ़ा सोने-चांदी का आयात

Source : business.khaskhabar.com | July 16, 2019 | businesskhaskhabar.com Business News Rss Feeds
 gold silver imports increase  in june 393815नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पिछले महीने महंगी धातुओं के भाव ऊंचे होने के बावजूद भारत में सोने-चांदी की मांग में कमी नहीं आई और पिछले साल के मुकाबले सोने के आयात का मूल्य 13 फीसदी बढ़ गया जबकि चांदी के आयात में 14 फीसदी से ज्यादा का इजाफा हुआ। हालांकि हाल ही में भारत में महंगी धातुओं पर आयात शुल्क में 2.5 फीसदी की वृद्धि होने के बाद इस महीने देश के हाजिर बाजार में सोने-चांदी की मांग में सुस्ती बताई जा रही है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इस साल जून में भारत ने करीब 2.70 अरब डॉलर का सोना आयात किया जबकि एक साल पहले जून 2018 में देश में करीब 2.39 अरब डॉलर का सोना आयात हुआ था। इस प्रकार सोने के आयात में पिछले साल के मुकाबले 13.02 फीसदी की वृद्धि हुई।

वहीं, बीते महीने जून में 41.69 करोड़ डॉलर की चांदी का आयात किया गया जबकि पिछले साल इसी महीने चांदी के आयात का मूल्य 36.42 करोड़ डॉलर था। इस प्रकार चांदी का आयात इस साल जून में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 14.47 फीसदी बढ़ गया।

अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार कॉमेक्स पर इस साल जून में सोने का मासिक औसत भाव 1,361.76 डॉलर प्रति औंस रहा है जबकि पिछले साल जून में सोने का औसत भाव 1,315.09 डॉलर प्रति औंस रहा। इस प्रकार पिछले साल के मुकाबले सोने के भाव में औसतन 3.5 फीसदी की तेजी रही।

इसी महीने पांच जुलाई को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में चालू वित्त वर्ष का पूर्ण बजट पेश करते हुए महंगी धातुओं पर सीमा शुल्क 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसदी करने की घोषणा की।

सरार्फा बाजार सूत्रों के अनुसार, आयात शुल्क में वृद्धि से देश में सोने और चांदी की मांग सुस्त पड़ गई है।

केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया ने बताया कि अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की संभावना से सोने में निवेश मांग बढ़ी है जिससे भारत में भी जून में सोने का आयात पिछले साल से 13 फीसदी बढक़र 2.70 अरब डॉलर हो गया। लेकिन भारत में सोना व अन्य कीमती धातुओं पर सीमाशुल्क में वृद्धि के बाद सोने की मांग में गिरावट आएगी।

उन्होंने कहा कि देश में आर्थिक विकास की रफ्तार कमजोर होने के साथ-साथ अब सीमा शुल्क में वृद्धि और कीमतों में रहने वाली अस्थिरता से देश में सोने की उपभोक्ता मांग सुस्त रह सकती है।

घरेलू सर्राफा बाजार में सोने की मांग सुस्त होने के कारण सोने का भाव जहां अक्षय तृतीया के अवसर पर प्रीमियम पर चल रहा था वहां अब डिस्काउंट पर चल रहा है। बाजार सूत्रों ने बताया कि इस समय मुबई हाजिर बाजार में सोने का भाव लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन के भाव से 1,250 रुपये प्रति 10 ग्राम कम है जबकि अक्षय तृतीया के मौके पर भारत में सोने का भाव लंदन बुलियन मार्केट एसोसिएशन के भाव से ऊंचा चल रहा था।

मुंबई में 22 कैरट का सोने का भाव पिछले सत्र में 35,565 रुपये और 24 कैरट का सोने का भाव 35,715 रुपये प्रति 10 ग्राम था।
(आईएएनएस)

[@ BP, ब्लडशुगर हो काबू में तो नहीं सताएगा यह रोग]


[@ अरे वाह...बकरी के बच्चे के साथ योगा:देखें PIX]


[@ जानें कलौंजी के औषधीय गुणों के बारें में]



Warning: PHP Startup: Unable to load dynamic library '/opt/cpanel/ea-php54/root/usr/lib64/php/modules/xsl.so' - /lib64/libxslt.so.1: symbol xmlGenericErrorContext, version LIBXML2_2.4.30 not defined in file libxml2.so.2 with link time reference in Unknown on line 0