अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर पर दिखी भारत के इन्फ्रास्ट्रक्चर की ताकत, सेना के चार माइक्रोलाइट विमानों ने की लैंडिंग
Source : business.khaskhabar.com | Nov 26, 2026 | 

नई दिल्ली । अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर पर गुरुवार को सेना के चार माइक्रोलाइट एयरक्राफ्ट उतरे और उड़ान भरी। यह देश में तेजी से विकसित हो रहे इन्फ्रास्ट्रक्चर की क्षमता को दिखाता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भारतीय सेना और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के बीच तालमेल के एक ऐतिहासिक प्रदर्शन के तहत, 'विंग्स ऑफ वैलोर एंड यूनिटी एक्सपेडिशन' में हिस्सा ले रहे भारतीय सेना की 'टीम माउंटेन ईगल्स' के 4 माइक्रोलाइट विमानों ने गुजरात में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर (एनएच-754ए) पर, 946 किमी और 949 किमी के बीच सफलतापूर्वक लैंडिंग और टेक-ऑफ किया।
उन्होंने आगे कहा कि यह बड़ी उपलब्धि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय एवं एनएचएआई की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसका उद्देश्य विश्व-स्तरीय राजमार्ग बुनियादी ढांचे का विकास करना है। इससे कनेक्टिविटी मजबूत होती है, आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलता है और हमारे सशस्त्र बलों की रणनीतिक व परिचालन संबंधी जरूरतें पूरी होती हैं।
यह राष्ट्रीय राजमार्गों की उस क्षमता को भी उजागर करता है, जिसके जरिए जहां भी संभव हो उचित सुरक्षा उपायों और समन्वय के साथ एरो-एडवेंचर, पर्यटन और अन्य उभरती गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा सकता है।
इसके साथ केंद्रीय मंत्री ने भारतीय सेना की 'टीम माउंटेन ईगल्स', एनएचएआई और सभी संबंधित प्राधिकरणों को उनके बेहतरीन समन्वय और इस ऐतिहासिक प्रयास को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए बधाई दी।
पोस्ट के अंत में गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, हम एक मजबूत, लचीले और भविष्य के लिए तैयार राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह नेटवर्क केवल कनेक्टिविटी से कहीं बढ़कर, देश की विकासात्मक, रणनीतिक और आपातकालीन जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगा।
अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर (जिसे अमृतसर-जामनगर एक्सप्रेसवे या ईसी-3 भी कहा जाता है) भारत के 4 राज्यों-पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात—को जोड़ने वाला एक प्रमुख 6-लेन राजमार्ग गलियारा है। इसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा विकसित किया जा रहा है और इसकी कुल लंबाई 1,200 किलोमीटर से अधिक है।
--आईएएनएस
[@ ये"सुपर फूड्स"सर्दियों की समस्याएं रखें दूर]
[@ म्यांमार में खाते हैं खाना और सोते हैं भारत में!]
[@ व्यायाम से डर लगे तो कॉफी पीएं]