businesskhaskhabar.com

Business News

Home >> Business

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने वालों की मौज, गोल्ड-सिल्वर के दाम 4,500 रुपए तक गिरे

Source : business.khaskhabar.com | Nov 06, 2026 | businesskhaskhabar.com Commodity News Rss Feeds
 gold and silver buyers rejoice on dhanteras with prices falling by up to ₹4500 859089
नई दिल्ली । धनतेरस के मौके पर सोना-चांदी खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। आज के दिन घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। पिछले कुछ दिनों से सोने-चांदी में तेज उतार-चढ़ाव बना हुआ था, लेकिन हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को कीमतों में आई नरमी से खरीदारों को अपेक्षाकृत सस्ते भाव पर खरीदारी का मौका मिला है। 
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना अपने पिछले बंद भाव 1,44,095 रुपए से शुक्रवार को 1,934 रुपए यानी 1.34 प्रतिशत टूटकर 1,42,161 रुपए प्रति 10 ग्राम पर खुला। वहीं दिन के कारोबार में यह 2,651 रुपए यानी 1.83 प्रतिशत तक गिर गया।
वहीं चांदी की कीमतों में कमजोरी और ज्यादा रही। शुरुआती कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी अपने पिछले बंद भाव 1,87,140 रुपए से 4,555 रुपए यानी 2.43 प्रतिशत फिसलकर 1,82,585 रुपए प्रति किलोग्राम के दिन के निचले स्तर तक पहुंच गई। जबकि यह आज 1,641 रुपए यानी 0.87 प्रतिशत गिरकर 1,85,499 रुपए प्रति किलोग्राम पर खुली।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स में भी गुरुवार की तेजी के बाद शुक्रवार को मुनाफावसूली देखने को मिली। सोने का भाव 1.51 प्रतिशत गिरकर 4,051.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखाई दिया, जबकि चांदी 2.13 प्रतिशत टूटकर 51.260 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, बाजार की नजर अब अमेरिकी नॉन-फार्म पेरोल डेटा और फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति से जुड़े संकेतों पर बनी हुई है, जिसके कारण निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं।
तकनीकी विश्लेषकों का कहना है कि कॉमेक्स गोल्ड के लिए 4,070 से 4,100 डॉलर प्रति औंस का स्तर अब महत्वपूर्ण प्रतिरोध बन गया है, जबकि नीचे की ओर 4,000 डॉलर का स्तर अहम सपोर्ट माना जा रहा है।
वहीं, एमसीएक्स गोल्ड के लिए 1.43 लाख से 1.437 लाख रुपए का दायरा प्रमुख प्रतिरोध (रेजिस्टेंस) है, जबकि 1.40 लाख रुपए का स्तर महत्वपूर्ण सपोर्ट माना जा रहा है। यदि यह स्तर टूटता है तो कीमतों में और कमजोरी देखने को मिल सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि चांदी में भी हालिया तेजी के बाद दबाव लौटता दिख रहा है। तकनीकी संकेतकों के मुताबिक, एमसीएक्स सिल्वर के लिए 1.86 लाख से 1.88 लाख रुपए का स्तर प्रतिरोध बना हुआ है, जबकि 1.78 लाख से 1.80 लाख रुपए का क्षेत्र प्रमुख सपोर्ट माना जा रहा है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि औद्योगिक मांग और वैश्विक आर्थिक संकेतक चांदी को आगे भी समर्थन दे सकते हैं।
बाजार जानकारों के अनुसार, धनतेरस पर आई यह गिरावट उन ग्राहकों के लिए अच्छा अवसर हो सकती है जो सोना-चांदी की खरीदारी करना चाहते हैं। हालांकि निवेश के उद्देश्य से खरीदारी करने वालों को केवल त्योहार की भावना के आधार पर नहीं, बल्कि अपने वित्तीय लक्ष्य और जोखिम क्षमता को ध्यान में रखकर फैसला करना चाहिए।
--आईएएनएस

[@ ये"सुपर फूड्स"सर्दियों की समस्याएं रखें दूर]


[@ इस मंदिर में लक्ष्मी माता के आठ रूप]


[@ वास्तु : इस रंग की कुर्सी पर बैठें, नहीं आएगी धन की कमी]